प्रयागराज। समग्र शिक्षा के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शिक्षा संस्थान, एलनगंज, प्रयागराज में आयोजित चार दिवसीय जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। 12 से 15 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार द्वारा किया गया था। समापन अवसर पर सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी श्री वरुण कुमार यादव एवं जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) श्री विकास पाण्डेय द्वारा 52 स्पेशल एजुकेटर्स को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी श्री वरुण कुमार यादव ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को उसकी क्षमता एवं आवश्यकता के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशिक्षित स्पेशल एजुकेटर्स से विद्यालय स्तर पर बेहतर शैक्षिक सहयोग प्रदान करने तथा दिव्यांग बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने का आह्वान किया।
जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) श्री विकास पाण्डेय ने कहा कि समावेशी शिक्षा का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की पहचान, उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण तथा विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी प्रशिक्षित स्पेशल एजुकेटर्स से अपने-अपने विकासखंडों में शिक्षकों को मार्गदर्शन प्रदान करने तथा (PRASHAST) ऐप/पोर्टल एवं प्रभावी शिक्षण-अधिगम सामग्री के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
प्रशिक्षण के दौरान विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान एवं स्क्रीनिंग, शिक्षण-अधिगम सामग्री के उपयोग तथा समावेशी कक्षा-कक्ष के विकास पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार के निर्देशन में तथा संचालन जिला समन्वयक श्री विकास पाण्डेय द्वारा किया गया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य एवं दिव्यांग बच्चों के शैक्षिक सशक्तीकरण में उत्कृष्ट योगदान की मंगलकामना की गई।
