24.8 C
Chhattisgarh
Sunday, September 20, 2026

दुर्ग पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई,,,,BSP से 250 टन स्क्रैप चोरी मामले में रायपुर पावर एंड स्टील के MD और डायरेक्टर गिरफ्तार,,,SSP विजय अग्रवाल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई

दुर्ग, 20 सितंबर 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से करीब 250 टन लौह स्क्रैप चोरी कर रसमड़ा स्थित फैक्ट्री में खपाने के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर पावर एंड स्टील के MD और डायरेक्टर को गिरफ्तार किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने एक प्रेस कांफ्रेस में बताया कि थाना पुरानी भिलाई में दर्ज अपराध क्रमांक 277/2026 की विवेचना के दौरान रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग (60 वर्ष) निवासी वालफोर्ट सिटी भाठागांव रायपुर और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह (39 वर्ष) निवासी SBI कॉलोनी स्मृति नगर सुपेला को 18 सितंबर को गिरफ्तार किया गया है।

श्री अग्रवाल ने बताया कि मामले की शुरुआत 26 मई को अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स के गोदाम पर छापेमारी से हुई थी, जहां से भारी मात्रा में चोरी का स्क्रैप बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि ट्रांसपोर्टर संजय सिंह फ्लाई ऐश के नीचे स्क्रैप छिपाकर BSP से बाहर निकालता था और पहले अकलोरडीह गोदाम में डंप करता था, फिर उसे रसमड़ा स्थित कंपनी में खपाया जाता था।
पुलिस के पास वीडियो साक्ष्य भी है जिसमें स्क्रैप से लदी गाड़ियां कंपनी परिसर में प्रवेश कर अनलोड होती दिख रही हैं। पूर्व में 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, अब कुल संख्या 21 हो गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में BSP प्रबंधन ने अपने 3 कर्मचारियों को निलंबित भी किया है। विवेचना जारी है।

विदित हो दुर्ग पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट से सुनियोजित तरीके से लोहा चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा कुछ दिन पहले किया था। जांच पड़ताल की कड़ियां जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है इस गिरोह से जुड़े लोग पुलिस के गिरफ्त में आ रहे हैं।

Latest news
Related news